जमशेदपुर : कदमा के मरीन ड्राइव स्थित श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धर्मार्थ केंद्र में भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न होने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बारीडीह पहुंचीं। बारीडीह स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में निर्धारित कार्यक्रम के समापन के बाद जब राष्ट्रपति बाहर निकलीं, तो सड़क किनारे भारी संख्या में खड़े लोगों को देखकर उन्होंने अपना वाहन रुकवाया। इसके बाद राष्ट्रपति स्वयं वाहन से उतरकर पैदल चलने लगीं और आम लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
राष्ट्रपति को अपने बीच देखकर लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। खासकर महिलाओं में विशेष खुशी देखी गई। लोग राष्ट्रपति जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रपति ने भीड़ में मौजूद बच्चों को चॉकलेट बांटी और स्नेह जताया। एक बच्ची ने खुशी-खुशी बताया कि उन्हें स्वयं राष्ट्रपति ने चॉकलेट दी है। वहीं एक महिला परविंदर ने कहा कि वह कई घंटे से राष्ट्रपति की एक झलक पाने के लिए खड़ी थीं। राष्ट्रपति का इस तरह वाहन से उतरकर लोगों से मिलना बेहद भावुक करने वाला क्षण था। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति ने उनकी बेटी को भी चॉकलेट दी और आशीर्वाद दिया।
करीब 150 कदम तक राष्ट्रपति आम जनता के बीच पैदल चलीं। इस दौरान किसी तरह की अव्यवस्था नहीं हुई और लोगों ने राष्ट्रपति को बेहद करीब से देखा। इससे पहले मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज परिसर में राष्ट्रपति ने विभिन्न सत्रों में टॉप करने वाले छात्रों के साथ फोटो सेशन किया और मेधावी विद्यार्थियों से संवाद किया। इस कार्यक्रम को परिचय सम्मेलन का नाम दिया गया। राष्ट्रपति ने कॉलेज परिसर का निरीक्षण भी किया और पौधारोपण किया।
कॉलेज प्रबंधन के अनुसार परिसर में भविष्य में द्रौपदी मुर्मू स्पोर्ट्स एंड फूड कैंपस विकसित करने की दीर्घकालिक योजना है। उल्लेखनीय है कि कदमा का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद राष्ट्रपति मरीन ड्राइव, खरकई लिंक रोड और मानगो गोलचक्कर होते हुए भुइयांडीह मार्ग से बारीडीह पहुंचीं। बारीडीह में कॉलेज के सामने बड़ी संख्या में लोग, विशेषकर महिलाएं, हाथों में तिरंगा लिए राष्ट्रपति की एक झलक पाने के लिए खड़े थे। स्थानीय निवासी उदय कुमार सिंह ने कहा कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि राष्ट्रपति उनके इलाके में आएंगी। राष्ट्रपति के आगमन से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

