जमशेदपुर : झारखण्ड पंचम राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अमरेंद्र प्रताप सिंह ने पूर्वी सिंहभूम दौरे के दौरान बोड़ाम प्रखंड के लायलम पंचायत अंतर्गत सबर बहुल गांव हाथी टोला और डांगर टोला का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने आदिम जनजाति सबर परिवारों की सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और स्वास्थ्य संबंधी स्थिति का जायजा लिया तथा समुदाय के उत्थान के लिए चल रही सरकारी योजनाओं की प्रगति को परखा।
भ्रमण के क्रम में अध्यक्ष ने जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने और आजीविका से जोड़ने के प्रयासों, खासकर शहद उत्पादन जैसी गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याएं सुनीं और योजनाओं के लाभ में आ रही बाधाओं की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने आधार कार्ड, राशन कार्ड, पेंशन, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और भूमि स्वामित्व पट्टा से जुड़ी दिक्कतों के कारण सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में हो रही परेशानियों को सामने रखा। इस पर अध्यक्ष ने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिया कि नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविर और राजस्व कैंप लगाकर समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए और लोगों को योजनाओं व आजीविका के साधनों से जोड़ा जाए।
दौरे के दौरान आयोग अध्यक्ष ने सबर परिवारों के पशुपालन शेड और स्थानीय उत्पादों का भी निरीक्षण किया। मौके पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, बीडीओ किकू महतो, अंचल अधिकारी रंजीत कुमार समेत अन्य अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

