NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र में ज्वेलरी और मोबाइल दुकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के जेवरात, मोबाइल और बाइक बरामद की है। इस मामले में एक आरोपी को 3 सितंबर को ही पुरुलिया के अरशा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इस तरह अब तक चार आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, 3-4 अगस्त की रात चोरों ने बोड़ाम में दीपक स्वर्णकार की ज्वेलरी दुकान की एलवेस्टर छत तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी की थी। वहीं बारियादा में देवेन महतो की मोबाइल दुकान से मोबाइल और रुपये चोरी करने के बाद डीवीआर भी ले गए थे।
मामले की जांच के लिए गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, फिंगरप्रिंट और मानवीय सूचना के आधार पर झारखंड व पश्चिम बंगाल में छापेमारी की। पुलिस ने अरशा से मकबूल अंसारी, पुरुलिया मुफ्फसिल से असलम अंसारी व रहीम अंसारी तथा बलरामपुर से क्यामुद्दीन अंसारी को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के पास से चांदी जैसे आभूषण, मोबाइल फोन, सिक्के, चेन, पायल और बिछिया समेत चोरी का सामान बरामद किया गया। वारदात में इस्तेमाल काली होंडा बाइक भी जब्त की गई है।

