NEWS LAHAR REPORTER
वाहन में फंसे चालक को स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू, इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा
चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल क्षेत्र में मंगलवार को गंगूडीह कैनल के पास एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बालू लदा आयशर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नीचे जा गिरा। हादसे के बाद वाहन में चालक फंस गया, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बालू लदा आयशर वाहन गंगूडीह कैनल के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे के बाद चालक वाहन के अंदर फंस गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और चालक को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने चालक को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। फिलहाल वाहन के अनियंत्रित होने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
गनीमत रही कि हादसे के दौरान सड़क के आसपास कोई अन्य व्यक्ति वाहन की चपेट में नहीं आया। वहीं स्थानीय लोगों की तत्परता से चालक को भी समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस तरह एक बड़ा हादसा टल गया।

