NEWS LAHAR REPORTER
धालभूमगढ़: धालभूमगढ़ प्रखंड के नूतनगढ़ पंचायत अंतर्गत घोषणा गांव के समीप स्थित 132 केवी बिजली टावर पर शनिवार को एक युवती के चढ़ जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार युवती घासीडीह टोला की रहने वाली बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। समाचार लिखे जाने तक युवती टावर पर ही मौजूद थी और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास लगातार जारी थे। युवती ने टावर पर चढ़ने जैसा कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
मौके पर थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा पुलिस बल एवं एम्बुलेंस के साथ मौजूद हैं और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं, घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए, जिससे वहां लोगों की भीड़ लग गई।
प्रशासन की पहली प्राथमिकता युवती को सुरक्षित नीचे उतारना है। अधिकारियों का कहना है कि उसके सुरक्षित नीचे आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल प्रशासन, पुलिस और स्थानीय लोग युवती को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहे हैं।

