NEWS LAHAR REPORTER
झारखंड मजदूर यूनियन की बैठक में ठेका श्रमिकों की समस्याओं पर चर्चा, मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
गुवा संवाददाता। गुवा बाजार स्थित झारखंड मजदूर यूनियन के कार्यालय में सोमवार देर शाम यूनियन की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के महामंत्री हेमराज सोनार ने की। इसमें सेल के अधीन कार्यरत ठेका श्रमिकों एवं ड्राइवरों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में ड्राइवरों के रिटेंचमेंट की बकाया राशि का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। महामंत्री हेमराज सोनार ने कहा कि सेल के अधीन कार्य करने वाले ठेकेदारों द्वारा ड्राइवरों का रिटेंचमेंट का पैसा लंबे समय से रोका गया है। कई वर्षों से राशि लंबित रहने के कारण संबंधित ड्राइवरों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सेल प्रबंधन को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लेना चाहिए। संबंधित ठेकेदारों से पूरी जानकारी लेकर ड्राइवरों की बकाया रिटेंचमेंट राशि का जल्द भुगतान सुनिश्चित कराया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से राशि लंबित रहने के बावजूद समस्या के समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई है, जिससे श्रमिकों में असंतोष बढ़ रहा है।

हेमराज सोनार ने कहा कि ठेका श्रमिकों और ड्राइवरों की मेहनत की राशि को अनिश्चितकाल तक रोकना उचित नहीं है। सेल प्रबंधन को संबंधित ठेकेदारों की जवाबदेही तय करते हुए श्रमिकों को उनका हक दिलाना चाहिए।
झारखंड मजदूर यूनियन ने मांग की कि सेल प्रबंधन संबंधित ठेकेदारों से रिटेंचमेंट भुगतान की स्थिति की जानकारी लेकर बकाया राशि का अविलंब भुगतान कराए।
यूनियन महामंत्री ने चेतावनी दी कि यदि सेल प्रबंधन की ओर से इस मामले में जल्द सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो झारखंड मजदूर यूनियन आंदोलन का रुख अपनाने के लिए बाध्य होगी। बैठक में यूनियन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।
