NEWS LAHAR REPORTER
झारखंड मजदूर यूनियन ने उठाई मांग, हेमराज सोनार बोले—बकाया राशि नहीं मिली तो होगा आंदोलन
गुवा संवाददाता। गुवा बाजार स्थित झारखंड मजदूर यूनियन के कार्यालय में सोमवार देर शाम यूनियन की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के महामंत्री हेमराज सोनार ने की। बैठक में सेल के अधीन कार्यरत ठेका श्रमिकों और ड्राइवरों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई।
बैठक में ड्राइवरों के वर्षों से लंबित रिटेंचमेंट राशि का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। महामंत्री हेमराज सोनार ने कहा कि सेल के अधीन कार्य करने वाले ठेकेदारों द्वारा ड्राइवरों का रिटेंचमेंट, यानी कार्य अवधि समाप्त होने के बाद देय राशि, काफी वर्षों से रोकी गई है। राशि लंबित रहने के कारण संबंधित ड्राइवरों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सेल प्रबंधन को मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लेना चाहिए। संबंधित ठेकेदारों से जानकारी लेकर ड्राइवरों की बकाया राशि का अविलंब भुगतान सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से राशि लंबित होने के बावजूद समस्या के समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई है, जिससे श्रमिकों में असंतोष बढ़ रहा है।
यूनियन ने सेल प्रबंधन से मांग की कि संबंधित ठेकेदारों से रिटेंचमेंट राशि की पूरी जानकारी लेकर ड्राइवरों को उनका बकाया पैसा जल्द से जल्द दिलाया जाए।
हेमराज सोनार ने चेतावनी दी कि यदि सेल प्रबंधन ने इस मामले में जल्द सकारात्मक पहल नहीं की, तो झारखंड मजदूर यूनियन आंदोलन का रुख अपनाने के लिए बाध्य होगी।
बैठक में यूनियन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

