NEWS LAHAR REPORTER
कुलपति प्रो. इला कुमार ने कहा—IQ के साथ SQ का विकास भी जरूरी, तकनीकी ज्ञान को आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़कर बनें जिम्मेदार नागरिक
जमशेदपुर। जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में पहली बार इंजीनियर्स डे का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. इला कुमार के निर्देशन में बीसीए विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने इंजीनियरिंग, तकनीक, नवाचार और समाज के प्रति जिम्मेदारी को लेकर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम का स्वागत संबोधन कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रितेश कुमार ठाकुर ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. इला कुमार ने की।
IQ के साथ SQ विकसित करने पर जोर
अपने अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. इला कुमार ने कहा कि इंजीनियर्स डे केवल एक दिन मनाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि हमारी गतिविधियों में इंजीनियरिंग की सोच और समस्या समाधान की भावना हर दिन दिखाई देनी चाहिए।
उन्होंने छात्राओं को IQ (Intelligence Quotient) के साथ SQ (Spiritual Quotient) विकसित करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि IQ व्यक्ति की बुद्धिमत्ता और बौद्धिक क्षमता को दर्शाता है, जबकि SQ व्यक्ति में आंतरिक मूल्यों, उद्देश्य, नैतिक सोच और जीवन के प्रति संतुलित दृष्टिकोण विकसित करने में मदद करता है।
कुलपति ने छात्राओं को ज्ञान एवं तकनीकी कौशल को आध्यात्मिक और नैतिक मूल्यों के साथ जोड़कर जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
तकनीक का जिम्मेदारी से उपयोग जरूरी : डॉ. चंद्रशेखर आजाद
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एनआईटी जमशेदपुर के डॉ. चंद्रशेखर आजाद ने इंजीनियरिंग के क्षेत्र में इनोवेशन, तकनीकी दक्षता और व्यावहारिक समस्या समाधान को महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने छात्राओं से लगातार सीखते रहने, रचनात्मक तरीके से सोचने और समाज के विकास में तकनीक का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज की वास्तविक समस्याओं का समाधान खोजने में योगदान देना भी होना चाहिए।
कार्यक्रम का मंच संचालन बीसीए की छात्रा मरियम ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बीसीए की छात्रा दीप्ति ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. सलोमी कुजूर, भौतिकी विभागाध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल, केमिस्ट्री विभागाध्यक्ष डॉ. अन्नपूर्णा झा, हिंदी विभाग से डॉ. नूपुर अन्विता मिंज, डॉ. पुष्पा कुमारी सहित विभिन्न विभागों की शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

