जमशेदपुर : नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को बड़ी कामयाबी मिली है। ऑपरेशन ‘नारकोस’ के दौरान की गई कार्रवाई में 16 किलो अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब आठ लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तबरेज आलम और नेयाज अहमद के रूप में हुई है। दोनों बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया क्षेत्र अंतर्गत भीतहा थाना इलाके के निवासी बताए गए हैं।
रेलवे सुरक्षा बल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. शंकर कुट्टी के निर्देश पर गुरुवार रात विशेष जांच अभियान चलाया गया। RPF के उड़नदस्ता दल ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 16 किलो गांजा बरामद किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजा को रूपरा रोड स्टेशन से लेकर आए थे और ट्रेन के माध्यम से टाटानगर रेलवे स्टेशन तक पहुंचे। यहां से वे पटना होते हुए बेतिया ले जाकर आपूर्ति करने की योजना में थे।
RPF ने दोनों आरोपियों को संबंधित थाने को सौंप दिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
—

