जमशेदपुर : 26 फरवरी को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित जमशेदपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में सुरक्षा, यातायात और कार्यक्रम संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में आयोजन समिति, पुलिस विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों एवं विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान कदमा स्थित कार्यक्रम स्थल, सोनारी एयरपोर्ट तथा निर्धारित परिभ्रमण मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा के तय मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने वीआईपी मूवमेंट, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष तैयारी करने पर जोर दिया।
पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि परिभ्रमण मार्ग पर सुरक्षा घेरा मजबूत रखा जाए, यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। आवश्यकता अनुसार ड्रॉप गेट और बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
आयोजकों को निमंत्रण कार्ड, बैकड्रॉप, स्पीच नोट, डायस प्लान सहित संपूर्ण कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर समय पर प्रशासन को सौंपने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी तैयारियां समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से पूरी की जाएं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री नागेंद्र पासवान, निदेशक एनईपी श्री संतोष गर्ग, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री धनंजय, उप नगर आयुक्त श्री कृष्णा कुमार, एडीएम एसओआर श्री राहुल जी आनंद, ट्रैफिक पुलिस उपाधीक्षक, यांत्रिकी विभाग के अभियंता एवं आयोजन समिति के सदस्य सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

