NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : मानगो नगर निगम क्षेत्र में सुवर्णरेखा नदी के किनारे सरकारी भूमि पर बने 16 अवैध मकानों को मंगलवार को जिला प्रशासन ध्वस्त करेगा। इसके लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है, जबकि पूरे इलाके में लगातार माइकिंग कर लोगों से मकान खाली करने की अपील की जा रही है।
सोमवार को प्रभावित परिवार पूरे दिन अपने घरों का सामान समेटने में जुटे रहे। वर्षों से बसे आशियाने छोड़ने की मजबूरी ने परिवारों को भावुक कर दिया। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों में भविष्य को लेकर चिंता साफ दिखाई दी।
प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) और न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की जा रही है। इसलिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाएगा।
धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा के निर्देश पर पहले ही सभी अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर मकान खाली करने का आदेश दिया जा चुका है। सोमवार को प्रशासनिक टीम ने लाउडस्पीकर के माध्यम से अंतिम सूचना देते हुए लोगों से स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की, लेकिन अधिकांश लोगों ने मकान खाली नहीं किया। इसके बाद प्रशासन ने बुलडोजर से कार्रवाई करने का फैसला लिया।
प्रशासन के अनुसार मानगो नगर निगम के वार्ड संख्या 8 में खाता संख्या 1249, प्लॉट संख्या 3983 की सरकारी जमीन पर तीन मकानों का अतिक्रमण किया गया है। वहीं वार्ड संख्या 10 में खाता संख्या 727 के विभिन्न प्लॉटों पर 13 मकान अवैध रूप से बनाए गए हैं। इन सभी मामलों में अंचलाधिकारी की अदालत बीपीएलई वाद के तहत अतिक्रमण हटाने का आदेश पहले ही दे चुकी है।
जिला प्रशासन को एनजीटी की कोलकाता पीठ के निर्देशानुसार सुवर्णरेखा नदी के किनारे से अतिक्रमण हटाकर उसकी अनुपालन रिपोर्ट भी प्रस्तुत करनी है।
कानून-व्यवस्था के लिए विशेष व्यवस्था
ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है। मानगो अंचल के राजस्व उपनिरीक्षक गौतम प्रधान और प्रदीप कुमार को दंडाधिकारी बनाया गया है। वहीं मानगो नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त आकिब जावेद को वरीय दंडाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन मकानों पर चलेगी कार्रवाई
वार्ड संख्या 8 में भालू यादव, महेंद्र यादव और रमेश प्रसाद के मकानों पर कार्रवाई होगी। वहीं वार्ड संख्या 10 में सुरेंद्र यादव, शंकर यादव, मनोज गौड़, राजू राय, नवीन रूहिदास, ललन यादव, अखई कैवर्त, जेएल शर्मा, साई सूरज आश्रम, मनोहर कैवर्त, गनौरी वर्मा, हरि भुईयां और रिंकू दास के मकानों को भी प्रशासन ध्वस्त करेगा।
प्रशासन का कहना है कि सभी संबंधित लोगों को पूर्व में विधिवत नोटिस दिया जा चुका है। अब न्यायालय और एनजीटी के आदेश के अनुरूप अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हर हाल में पूरी की जाएगी।

