NEWS LAHAR REPORTER
चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-32 पर पितकी गेट के समीप शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में ट्रेलर का पहिया उसके दोनों पैरों पर चढ़ गया, जिससे एक पैर पूरी तरह कुचल गया जबकि दूसरा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर संख्या JH05 DY 0607 ने सुबह करीब 10:30 बजे साइकिल सवार कालिया गोप (45) को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर चांडिल रेलवे स्टेशन के आरपीएफ जवान तुरंत घटनास्थल पहुंचे और ट्रेलर चालक को पकड़ लिया।
घायल कालिया गोप को तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, कालिया गोप नीमडीह थाना क्षेत्र के चीगडीडीह गांव के निवासी हैं। वह राशन कार्ड से अनाज लेने डीलर के पास गए थे और वापस घर लौटने के दौरान हादसे का शिकार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रेलर चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण यह दुर्घटना हुई।
घटना की सूचना मिलते ही नीमडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आरपीएफ ने चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है तथा चालक से पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पितकी गेट के पास यह कोई पहली दुर्घटना नहीं है। इससे पहले भी इसी स्थान पर एक व्यक्ति की जान जा चुकी है। लोगों ने प्रशासन से यहां स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक बोर्ड और सड़क सुरक्षा उपाय तत्काल लागू करने की मांग की है।
हादसे में दोनों पैर गंवाने वाले कालिया गोप परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य बताए जा रहे हैं। ऐसे में इस दुर्घटना ने उनके परिवार के सामने गंभीर आर्थिक और सामाजिक संकट खड़ा कर दिया है।
