NEWS LAHAR REPORTER
पटमदा: पटमदा थाना क्षेत्र के रांगाटांड़ में पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार देर रात अज्ञात चोरों ने पंचायत सचिव गणेश महतो के घर को निशाना बनाया। चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे और पांच अलमारियों के ताले तोड़कर करीब 10 हजार रुपये नकद समेत लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। घटनास्थल पटमदा थाना से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर है।
बताया गया कि गणेश महतो मंगलवार को अपने परिवार के साथ कदमा मेला घूमने गए थे। बुधवार सुबह जब परिवार घर लौटा तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर प्रवेश करने पर विभिन्न कमरों के अलावा पांच अलमारियों के ताले भी टूटे मिले। अलमारियों की जांच करने पर उनमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिली। चोरी का पता चलते ही परिवार के सदस्यों के होश उड़ गए।
परिजनों के अनुसार, चोर घर के पिछले दरवाजे से बाहर निकले। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने घर में रखे अन्य सामानों को हाथ तक नहीं लगाया और केवल नकदी व आभूषण लेकर फरार हो गए।
