News Lahar Reporter:
जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित शिव मंदिर रोड इलाके में बुधवार रात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक के बाद एक तीन दुकानों को निशाना बनाया। योजनाबद्ध तरीके से पहुंचे अज्ञात चोरों ने दुकानों के ताले काटकर अंदर प्रवेश किया और नकदी समेत कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले ‘अपना मार्ट’ का ताला तोड़कर दुकान में घुसपैठ की। इसके बाद उन्होंने ‘जनार्दन ज्वेलर्स’ को निशाना बनाया, जहां करीब 9 ताले तोड़े गए। इतनी बड़ी संख्या में ताले तोड़े जाने से साफ है कि चोर पूरी तैयारी और साजिश के तहत वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे।
वहीं, ‘संतोषी भंडार’ के भी दो ताले काटे गए, जहां से करीब 25 हजार रुपये नकद और खाने-पीने का सामान चोरी कर लिया गया।
सुबह जब दुकानदार अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तब घटना का खुलासा हुआ। चोरी की खबर फैलते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया और स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश देखने को मिला।
सूचना मिलने के बाद परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों ने पुलिस से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

