NEWS LAHAR REPORTER
स्टॉक सत्यापन में सामने आई भारी गड़बड़ी, 15,142 किलो चावल और 3,892 किलो गेहूं होना था शेष
खरसावां। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) में खाद्यान्न वितरण से जुड़ी अनियमितता के मामले में खरसावां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पीडीएस डीलर विनोद नायक (45 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अनुसंधान और तथ्यों के सत्यापन के उपरांत यह कार्रवाई की।
मामला खरसावां थाना कांड संख्या 25/26 से जुड़ा है। इस मामले में 29 मई 2026 को BNS की धारा 316(5) एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
🔴 स्टॉक सत्यापन में खुली गड़बड़ी
जानकारी के अनुसार, खरसावां प्रखंड में निलंबित जन वितरण प्रणाली दुकानों के खाद्यान्न स्टॉक एवं अभिलेखों का विशेष सत्यापन कराया जा रहा था। इसी दौरान ग्राम तेलीसाई के पीडीएस डीलर विनोद नायक की दुकान में स्टॉक को लेकर गंभीर अनियमितता सामने आई।
अभिलेखों के मुताबिक दुकान में 15,142 किलोग्राम चावल और 3,892 किलोग्राम गेहूं अवशेष होना अपेक्षित था। लेकिन भौतिक सत्यापन के दौरान चावल का स्टॉक शून्य पाया गया।
इसके बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान उपलब्ध तथ्यों और अभिलेखों के सत्यापन के बाद पुलिस ने विनोद नायक को गिरफ्तार कर लिया।
⚖️ PDS में गड़बड़ी पर प्रशासन सख्त
जिला प्रशासन की ओर से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न के स्टॉक, अभिलेख और वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी एवं जांच की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान खाद्यान्न के दुरुपयोग, गबन, स्टॉक में अनियमितता अथवा अभिलेखों में विसंगति मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
लाभुकों के खाद्य अधिकारों से जुड़ी है व्यवस्था
प्रशासन ने कहा है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली पात्र लाभुकों के खाद्य सुरक्षा अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी व्यवस्था है। इसमें किसी भी प्रकार की अनियमितता को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
PDS व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए जांच और कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

