NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: आदित्यपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने जा रही एक हाईवा में अचानक आग लग गई। यदि समय रहते स्थानीय लोग सतर्कता नहीं दिखाते तो पेट्रोल पंप पर बड़ी तबाही हो सकती थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार दोपहर लगभग 2:50 बजे की है। एक हाईवा (भारी मालवाहक वाहन) में तकनीकी खराबी के कारण अचानक पीछे के हिस्से में आग लग गई। हैरानी की बात यह रही कि वाहन चालक को आग लगने की भनक तक नहीं लगी और वह उसी हालत में धीरे-धीरे पेट्रोल पंप की ओर डीजल भरवाने के लिए बढ़ रहा था।
पंप के समीप मौजूद कुछ स्थानीय लोगों की नजर जब वाहन से उठ रही लपटों पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत शोर मचाया। लोगों ने दौड़कर पंप में प्रवेश करने से ठीक पहले हाईवा को रुकवाया और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद लोगों ने बिना समय गंवाए पेट्रोल पंप परिसर में रखे अग्निशमन यंत्रों (Fire Extinguisher) का उपयोग किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि आग लगी हुई गाड़ी पेट्रोल पंप के अंदर चली जाती तो आग पेट्रोल-डीजल के टैंकों तक पहुंच सकती थी, जिससे जान-माल का भारी नुकसान होता।
स्थानीय लोगों की इस सूझबूझ और तत्परता की चारों ओर सराहना हो रही है। घटना की सूचना आदित्यपुर थाना को दे दी गई है। समाचार लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

