NEWS LAHAR REPORTER
102 मरीजों की जांच, सभी को मुफ्त दवा; डॉक्टरों ने कहा- नियमित दवा सेवन से ही बेहतर होगा उपचार
पोटका। मानसिक स्वास्थ्य और मिर्गी से जूझ रहे मरीजों के लिए पोटका में राहत भरी पहल की गई। उल्लास कार्यक्रम के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) एवं जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में सीएचसी पोटका में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया।
शिविर का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, आरसीएच पदाधिकारी डॉ. रवि कुमार पांडा, मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. दीपक कुमार गिरी, सीएचसी प्रभारी डॉ. सुकांत सीट एवं डॉ. महेश हेंब्रम ने संयुक्त रूप से किया।
🔴 102 मरीजों का हुआ इलाज
शिविर में पोटका एवं मुसाबनी प्रखंड से पहुंचे मरीजों की चिकित्सकों ने जांच की। इस दौरान 25 नए मरीजों और 77 पुराने मरीजों, यानी कुल 102 मरीजों का इलाज किया गया। मरीजों को जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श के साथ निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
💊 डॉक्टरों ने दवा को लेकर किया जागरूक
चिकित्सकों ने मरीजों और उनके परिजनों को समझाते हुए कहा कि किसी भी बीमारी के उपचार में डॉक्टर द्वारा निर्धारित मात्रा और समय के अनुसार नियमित रूप से दवा लेना जरूरी है। उन्होंने मरीजों को बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा बंद नहीं करने की भी सलाह दी।
शिविर के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य एवं मिर्गी से संबंधित समस्याओं को लेकर लोगों को उपचार और नियमित चिकित्सकीय देखभाल के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. स्मिता हेंब्रम, तजीन कुल्लू, पवन कुमार, डीपीसी हाकिम प्रधान, डीडीएम दिलीप कुमार, डालसा के पीएलवी चयन कुमार मंडल, छाकु माझी, ललिता पुरान, राजेश माहली, मीरा मंडल, ज्योत्सना गोप, कुरुमीता मुर्मू, सबिता सोरेन, मकरो कर्मकार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

