जमशेदपुर : 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से शहर के रविन्द्र भवन सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, वरीय पुलिस अधीक्षक सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, सभी बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) तथा पहली बार मतदान कर चुके नए मतदाता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले कर्मियों और चुनाव कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि निष्पक्ष, पारदर्शी और जिम्मेदार मतदान ही सशक्त लोकतंत्र की नींव है।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और मतदाताओं को ईमानदारी व निष्पक्षता से अपने कर्तव्यों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक नागरिक और कर्मी को अपने दायित्वों को समझते हुए आने वाले चुनावों में पूरी निष्ठा के साथ भूमिका निभानी चाहिए।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस का यह आयोजन लोकतंत्र के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नए मतदाताओं को प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

