जमशेदपुर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का आज जमशेदपुर दौरा प्रस्तावित है। इस महत्वपूर्ण दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पूरे शहर को हाई अलर्ट पर रखा गया है और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए शहर को 5 जोन और 14 सेक्टर में बांटा गया है।
राष्ट्रपति नागपुर से भारतीय वायु सेना के विशेष बीबीजे विमान से रांची पहुंचेंगी। इसके बाद वे एमआई-17 हेलीकॉप्टर से लगभग 45 मिनट की उड़ान भरकर सोनारी एयरपोर्ट पहुंचेंगी।
4000 से अधिक जवान तैनात, 26 गाड़ियों का काफिला
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए 4000 से अधिक पुलिसकर्मियों और 125 दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कर रहे हैं। कारकेड की जिम्मेदारी ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग को सौंपी गई है। राष्ट्रपति के काफिले में कुल 26 वाहन शामिल रहेंगे। खुफिया विभाग की विशेष टीम भी कार्यक्रम स्थल और रूट लाइन पर लगातार नजर रखे हुए है।
कदमा और बारीडीह में होंगे मुख्य कार्यक्रम
जमशेदपुर प्रवास के दौरान राष्ट्रपति कदमा स्थित मेरीन ड्राइव पर श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धर्मार्थ केंद्र के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद वे बारीडीह स्थित Manipal-Tata Medical College में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगी।
इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।
—
राष्ट्रपति का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
* रांची से सोनारी एयरपोर्ट आगमन – दोपहर 12:00 बजे
* सोनारी से कदमा के लिए प्रस्थान – 12:10 बजे
* कदमा कार्यक्रम स्थल पर आगमन – 12:20 बजे
* कदमा से प्रस्थान – 2:30 बजे
* बारीडीह स्थित मणिपाल-टाटा मेडिकल कॉलेज पहुंचना – 2:50 बजे
* मेडिकल कॉलेज से प्रस्थान – 3:20 बजे
* सोनारी एयरपोर्ट पहुंचना – 3:40 बजे
* रांची के लिए प्रस्थान – 3:50 बजे
जमशेदपुर में कार्यक्रम संपन्न करने के बाद राष्ट्रपति रांची लौटेंगी और वहां से जैसलमेर (राजस्थान) के लिए रवाना होंगी।
सड़कें चमाचम, गड्ढे भरे, किनारों पर लगाए गए पर्दे
राष्ट्रपति के आगमन से पहले सोनारी एयरपोर्ट से लेकर मेरीन ड्राइव और वहां से बारीडीह तक की सड़कों की मरम्मत की गई है। जहां-जहां गड्ढे थे, उन्हें भरकर कई हिस्सों में नई तारकोल परत बिछाई गई है, ताकि काफिले की आवाजाही सुगम रहे।
राष्ट्रपति का काफिला मेरीन ड्राइव से महाराणा प्रताप गोलचक्कर, टिमकेन गोलचक्कर, मानगो बस स्टैंड और भुइयांडीह रोड होते हुए बारीडीह पहुंचेगा। इस पूरे मार्ग पर साफ-सफाई के साथ-साथ कई स्थानों पर सड़क किनारे मौजूद गंदगी को पर्दों से ढंक दिया गया है, ताकि शहर की छवि बेहतर दिखे।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग दें। यह दौरा झारखंड और जमशेदपुर के लिए प्रशासनिक और विकासात्मक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

