जमशेदपुर : भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह ने विधायक सरयू राय पर तीखा हमला करते हुए उनके 15 महीने के कार्यकाल पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद अब तक किन-किन वादों को पूरा किया गया, इसकी सूची जनता के सामने रखी जानी चाहिए।
विकास सिंह ने बन्ना गुप्ता के चचेरे साले द्वारा कथित रूप से बनाए गए लोटस अपार्टमेंट का मुद्दा उठाते हुए पूछा कि जिस विषय पर आज सरयू राय बयान दे रहे हैं, उस पर पिछले 15 महीनों में उन्होंने क्या कार्रवाई की—यह भी स्पष्ट किया जाना चाहिए।
उन्होंने मानगो क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। विकास सिंह के अनुसार नगर निगम ने पूरे मानगो को नौ भागों में बांटा है, जिनमें से अधिकांश ठेकेदार विधायक के अत्यंत करीबी बताए जाते हैं। उन्होंने कहा कि शंकोसाई और एनएच-33 के बाद की बस्तियां सबसे अधिक गंदी हैं, जबकि वहां भी विधायक के करीबी संवेदक कार्यरत हैं। आरोप लगाया गया कि अपने लोगों की कमियों को छुपाया जाता है और दूसरों पर आरोप लगाए जाते हैं।
चुनावी राजनीति पर कटाक्ष करते हुए विकास सिंह ने कहा कि चुनाव के समय ही एनडीए प्रत्याशियों और विधायकों को बन्ना गुप्ता का भ्रष्टाचार दिखता है, जबकि उसी अवधि में निजी स्वार्थ के कारण सभी मौन रहे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरयू राय ने रघुवर दास को जेल भेजने की “झूठी हवा” बनाकर पूर्वी विधानसभा में जीत दर्ज की, लेकिन चुनाव जीतने के बाद उस मुद्दे को अपने स्वार्थ में दबा दिया। बाद में जब राजनीतिक जमीन खिसकने लगी तो पूर्वी विधानसभा के समर्थकों को यह कहकर गुमराह किया गया कि यदि रघुवर दास के परिवार का कोई भी सदस्य चुनाव लड़ेगा तो वे वहीं से चुनाव लड़ेंगे।
विकास सिंह ने यह भी कहा कि जब सरयू राय पश्चिम जमशेदपुर से जेडीयू के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे थे, तब उन्होंने तत्कालीन मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा टाटा स्टील के कदमा डी-फ्लैट के पास घेराबंदी की गई चारदीवारी को तोड़ने का वादा किया था। लेकिन 15 महीने बीत जाने के बाद न तो चारदीवारी तोड़ी गई और न ही उस ओर झांकने तक गए।
सबसे गंभीर आरोप स्वर्णरेखा विकास ट्रस्ट को लेकर लगाया गया। विकास सिंह के अनुसार, सरयू राय ने इस एनजीओ के नाम से ट्रस्ट बनाया है, जिसमें मुख्य ट्रस्टी के रूप में अपने बेटे और भतीजे को नियुक्त किया गया है जबकि दूसरी ओर वे दूसरों पर परिवारवाद का आरोप लगाते हैं। (यह आरोप विकास सिंह द्वारा लगाए गए हैं।)
अंत में उन्होंने कहा कि एनडीए और इंडिया गठबंधन के नेता एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप में लगे हैं और सत्ता वर्चस्व के लिए वोट मांग रहे हैं। ऐसे में उन्होंने आम जनता से अपील की कि निर्विवाद प्रत्याशी कुमकुम श्रीवास्तव को छड़ी छाप पर मोहर लगाकर भारी मतों से मानगो की महापौर बनाएं।

