NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर, 30 मई: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोल्हान प्रमंडल प्रवक्ता जम्मी भास्कर ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर चिंता जताते हुए कहा है कि किसी भी वैध मतदाता को उसके संवैधानिक मतदान अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत मतदाता है और उसके अधिकारों की रक्षा करना सभी संस्थाओं की जिम्मेदारी है।
जम्मी भास्कर ने कहा कि झारखंड में बड़ी संख्या में आदिवासी, दलित, पिछड़े वर्ग, अल्पसंख्यक, प्रवासी मजदूर, महिलाएं, बुजुर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर लोग रहते हैं, जिनके पास कई बार पुराने दस्तावेज उपलब्ध नहीं होते। ऐसे में दस्तावेजी जटिलताओं के आधार पर मतदाताओं के नाम सूची से हटाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया के दुरुपयोग की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस पार्टी बूथ स्तर से लेकर राज्य स्तर तक पूरी प्रक्रिया पर नजर रखेगी ताकि किसी भी वैध मतदाता का नाम वोटर लिस्ट से न कटे।
कांग्रेस प्रवक्ता ने पार्टी के बूथ लेवल एजेंटों (BLA) से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची का गहन निरीक्षण करें और जरूरतमंद मतदाताओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। किसी भी अनियमितता की सूचना तत्काल संगठन और संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जाए।
उन्होंने कहा कि झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, सह-प्रभारी सुरीवाला प्रसाद और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में पार्टी मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से खड़ी है। यदि किसी भी स्तर पर पक्षपात, भेदभाव या वैध मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश हुई तो कांग्रेस सड़क से लेकर निर्वाचन आयोग तक संघर्ष करेगी।
जम्मी भास्कर ने निर्वाचन आयोग से SIR प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और जनहितकारी बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम केवल तकनीकी त्रुटि, दस्तावेजों की कमी या प्रशासनिक लापरवाही के आधार पर नहीं हटाया जाना चाहिए। लोकतंत्र तभी मजबूत होगा जब हर पात्र नागरिक का मतदान अधिकार सुरक्षित रहेगा।

