NEWS LAHAR REPORTER
सरायकेला: स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत विभिन्न संविदा पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित लिखित परीक्षा का रविवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने निरीक्षण किया। एनआर स्कूल, सरायकेला स्थित परीक्षा केंद्र पहुंचकर उन्होंने परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा संचालन से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों और मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया की गोपनीयता, निष्पक्षता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग में स्टाफ नर्स, एएनएम, जीएनएम, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर (STS) समेत विभिन्न संविदा पदों के लिए यह परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा केंद्र पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई थी। वहीं परीक्षा की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों और वीडियो रिकॉर्डिंग की भी व्यवस्था की गई थी।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में योग्य और दक्ष मानव संसाधन की नियुक्ति बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की आधारशिला है। पारदर्शी एवं मेरिट आधारित चयन प्रक्रिया के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों का चयन कर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत एवं जनोन्मुखी बनाया जा रहा है।
प्रशासन के अनुसार परीक्षा का संचालन शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न हुआ।

