NEWS LAHAR REPORTER
शुल्क बढ़ोतरी पर जनप्रतिनिधियों ने जताई आपत्ति, जीएम देवाशीष जेना ने दिया जल्द राहत का आश्वासन
नोवामुंडी। टाटा मेन अस्पताल, नोवामुंडी में मरीजों से लिए जाने वाले विभिन्न शुल्कों में हाल में की गई बढ़ोतरी को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने टाटा स्टील प्रबंधन के समक्ष आपत्ति जताई। जनप्रतिनिधियों ने बढ़ी हुई रजिस्ट्रेशन एवं चिकित्सकीय परामर्श फीस को वापस लेकर पूर्व निर्धारित दर लागू करने की मांग की।
इस संबंध में जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी ने टाटा स्टील के महाप्रबंधक (ओएमक्यू) देवाशीष जेना को पत्र सौंपा। पत्र में कहा गया कि नोवामुंडी एवं आसपास का क्षेत्र अत्यंत दुर्गम और वनवासी क्षेत्र है। यहां बड़ी संख्या में ग्रामीण, आदिवासी एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार निवास करते हैं। ऐसे में अस्पताल के शुल्क में कई गुना वृद्धि से जरूरतमंद मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
जनप्रतिनिधियों ने विशेष रूप से चिकित्सक से परामर्श लेने के शुल्क में हुई लगभग छह से सात गुना वृद्धि पर चिंता जताई और इसे जनहित के विपरीत बताते हुए पुरानी दर बहाल करने की मांग की।
पुरानी दर पर होगी रजिस्ट्रेशन फीस : देवाशीष जेना
बैठक के दौरान टाटा स्टील के महाप्रबंधक (ओएमक्यू) देवाशीष जेना ने आश्वासन दिया कि बहुत जल्द टाटा मेन अस्पताल, नोवामुंडी में रजिस्ट्रेशन फीस पूर्व में लागू दर के अनुसार निर्धारित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अस्पताल से प्राप्त राशि से टाटा स्टील कंपनी का संचालन नहीं होता है, बल्कि अस्पताल की आय मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में खर्च की जाती है।
प्रबंधन के आश्वासन के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इसका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्रेशन फीस पुरानी दर पर होने से क्षेत्र के ग्रामीणों, आदिवासियों और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
बैठक में टाटा स्टील प्रबंधन की ओर से एचआर चंदन साहू सहित जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, उप प्रमुख ज्योति दास, किरीबुरू पश्चिमी पंचायत की मुखिया पार्वती किड़ो, मेघाहातुबुरु दक्षिणी पंचायत की मुखिया प्रफुल्लित ग्लोरिया तथा मेघाहातुबुरु उत्तरी पंचायत की मुखिया लिपि मुंडा मौजूद थीं।

