गम्हरिया: टाटा स्टील ने गम्हरिया स्थित अपनी स्ट्रेट बार मिल को बंद करने का फैसला किया है। इस घोषणा के बाद मिल में कार्यरत मजदूरों में भारी आक्रोश फैल गया। बुधवार सुबह मजदूरों ने प्लांट के मुख्य गेट को जाम कर हंगामा शुरू कर दिया और बकाया भुगतान की मांग पर अड़ गए।
गौरतलब है कि यह स्ट्रेट बार मिल उषा मार्टिन के अधिग्रहण के दौरान टाटा स्टील के अधीन आई थी। उस समय कंपनी की ओर से यह आश्वासन दिया गया था कि मिल में कामकाज जारी रहेगा और मजदूरों के हित सुरक्षित रहेंगे। लेकिन अब अचानक मिल बंद करने की घोषणा से कर्मचारियों में नाराजगी है।
मिल में कार्यरत सभी मजदूर वेंडर कंपनी आरके एंटरप्राइजेज के अंतर्गत काम कर रहे थे। मजदूरों का कहना है कि उनका वेतन और अन्य बकाया राशि लंबित है, इसके बावजूद बिना किसी पूर्व सूचना के प्लांट बंद कर दिया गया, जो पूरी तरह से अन्यायपूर्ण है।
मजदूरों ने आरोप लगाया कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था और भुगतान के मिल बंद करना उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है। हंगामे की सूचना मिलने पर टाटा स्टील के मानव संसाधन विभाग से जुड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे और मजदूरों से बातचीत की। प्रबंधन की ओर से समस्या के समाधान और बकाया भुगतान को लेकर रास्ता निकालने की बात कही गई है। फिलहाल स्थिति को लेकर सभी की नजरें प्रबंधन और मजदूरों के बीच होने वाली वार्ता पर टिकी हुई हैं।

