जमशेदपुर : सोनारी के दोमुहानी क्षेत्र में नवनिर्मित पार्क को शनिवार को आम जनता के लिए खोल दिया गया। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय और जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद विद्युत वरण महतो ने संयुक्त रूप से पार्क एवं पार्किंग का उद्घाटन किया। यह पार्क 5 करोड़ 18 लाख रुपये से अधिक की लागत से तैयार किया गया है। इसके अतिरिक्त विधायक सरयू राय ने सौंदर्यीकरण कार्य के लिए अपनी विधायक निधि से लगभग 30 लाख रुपये की राशि भी उपलब्ध कराई है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सरयू राय ने कहा कि पार्क का निर्माण कार्य वर्ष 2017-18 में उनके जमशेदपुर पश्चिम से विधायक रहते शुरू हुआ था और उस समय यह लगभग पूर्ण अवस्था में था। लेकिन 2019 के विधानसभा चुनाव के बाद, जब वे जमशेदपुर पूर्वी से विधायक बने, तब तत्कालीन विधायक ने इस पार्क पर कोई ध्यान नहीं दिया। नतीजतन लगभग पांच वर्षों तक पार्क उपेक्षित रहा, झाड़ियों से भर गया और कई संरचनाएं क्षतिग्रस्त हो गईं।
सरयू राय ने कहा कि दोबारा जमशेदपुर पश्चिम से विधायक बनने के बाद उन्होंने जमशेदपुर अक्षेस का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया और टूटे-फूटे ढांचों की मरम्मत विधायक निधि से कराई गई। उन्होंने बताया कि पार्क के निर्माण में 15वीं वित्त आयोग की राशि के साथ-साथ विधायक निधि का भी योगदान रहा है।
विधायक ने जोर देते हुए कहा कि केवल पार्क का निर्माण और लोकार्पण पर्याप्त नहीं है, बल्कि इसका नियमित और बेहतर रख-रखाव बेहद जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि रख-रखाव नहीं हुआ तो यह पार्क भी अन्य पार्कों की तरह जल्द ही बदहाल हो जाएगा। उन्होंने सुझाव दिया कि टाटा स्टील यूआईएसएल की तर्ज पर जमशेदपुर अक्षेस को पार्क एंड गार्डन के लिए अलग विभाग बनाना चाहिए, जिसके लिए बजट में स्पष्ट प्रावधान हो। साथ ही पार्कों से राजस्व अर्जित करने और जरूरत पड़ने पर किसी सक्षम एजेंसी को रख-रखाव की जिम्मेदारी देने की बात भी कही।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, जमशेदपुर पश्चिम के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा, पश्चिम के सांसद प्रतिनिधि चितरंजन वर्मा, जमशेदपुर अक्षेस के उप नगर आयुक्त, विशेष पदाधिकारी, सिटी मैनेजर, सहायक व कनीय अभियंता सहित बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

