NEWS LAHAR REPORTER
रांची: झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। गुरुवार को राज्य के कई जिलों में भीषण गर्मी लोगों को परेशान करेगी, वहीं शुक्रवार से मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने कई इलाकों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज राज्य के कई हिस्सों में तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। खासकर पलामू, गढ़वा, चाईबासा, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो में गर्म हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। 
वहीं शुक्रवार और आने वाले दिनों में बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। कई जिलों में तेज हवा, गरज के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दिन में भीषण गर्मी और शाम के बाद अचानक आंधी-बारिश का सिलसिला अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है। लोगों को दोपहर में धूप से बचने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
राज्य में लगातार बदलते मौसम को देखते हुए प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खासकर किसानों और खुले स्थानों पर काम करने वालों को बिजली गिरने और तेज आंधी से सावधान रहने को कहा गया है। 

