जमशेदपुर: शहर में रंगदारी वसूली के इरादे से बनाया गया एक नया गैंग पहली ही कोशिश में पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उलीडीह थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान गैंग लीडर समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया। बदमाशों के पास से हथियार और वारदात में इस्तेमाल होने वाली कार भी बरामद की गई है।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस वार्ता में बताया कि मानगो के आजाद नगर स्थित आजादबस्ती रोड नंबर-15 निवासी अयाज उर्फ फैजल ने इलाके में रंगदारी वसूली के लिए गैंग बनाया था। सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक सफेद रंग की आई-20 कार से मानगो से डिमना की ओर जाकर कारोबारियों से रंगदारी वसूलने की योजना बना रहे हैं।
सूचना के आधार पर एसपी सिटी के निर्देश पर डीएसपी पटमदा के नेतृत्व में डिमना चौक स्थित डी-चौधरी कॉम्पलेक्स के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान मानगो की ओर से आ रही सफेद आई-20 कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर तीनों युवकों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान मो. अमान के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया गया। वहीं कार की तलाशी में एक बेसबॉल बैट, फोल्डिंग चाकू, लोहे का रॉड और एप्पल कंपनी का एक आईफोन मिला। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उलीडीह थाना क्षेत्र के कारोबारियों से रंगदारी वसूलने की तैयारी कर रहे थे और डराने-धमकाने के लिए हथियार वाहन में छिपाकर रखे थे।
पुलिस के अनुसार, बरामद कट्टा गैंग सरगना अयाज बिहार के मुंगेर से खरीद कर लाया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अयाज उर्फ फैजल, अरशद और मो. अमान के रूप में हुई है। तीनों पूर्वी सिंहभूम जिले के निवासी हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

