रांची: झारखंड भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को जल्द ही नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने जा रहा है। पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का प्रदेश अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में अध्यक्ष पद के लिए निर्धारित समय के भीतर सिर्फ एक ही नामांकन दाखिल हुआ, जो आदित्य साहू की ओर से था।
प्रदेश भाजपा द्वारा नियुक्त चुनाव पदाधिकारी और केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव के समक्ष करीब एक बजे आदित्य साहू ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी सहित कई दिग्गज नेताओं ने प्रस्तावक के रूप में उनके नामांकन का समर्थन किया। प्रस्तावकों में कड़िया मुंडा, रघुवर दास, चंपाई सोरेन, मधु कोड़ा, समीर उरांव, अर्जुन मुंडा, रवींद्र राय, दीपक प्रकाश, यदुनाथ पांडे और पशुपतिनाथ सिंह जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र नामांकन मिलने के बाद आदित्य साहू का अध्यक्ष बनना लगभग तय हो गया है। चुनाव पदाधिकारी जुएल उरांव ने जानकारी दी कि प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के नामों की औपचारिक घोषणा 14 जनवरी को दोपहर दो बजे की जाएगी। आदित्य साहू वर्तमान में पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
इसी क्रम में राष्ट्रीय परिषद के 21 पदों के लिए भी 21 नामांकन दाखिल किए गए हैं, जिससे इन पदों पर भी निर्वाचन केवल औपचारिकता रह गया है। प्रदेश चुनाव प्रभारी डॉ. प्रदीप वर्मा ने बताया कि पार्टी में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत संगठनात्मक चुनाव संपन्न कराए जा रहे हैं और अब यह प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है।
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र नामांकन के बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आदित्य साहू को बधाई दी और उनके नेतृत्व में संगठन को मजबूत करने की उम्मीद जताई।

