NEWS LAHAR REPORTER
Ranchi: राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में हुए तनवीर अंसारी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल किए गए बाइक के लोहे के लेग गार्ड को भी बरामद कर लिया गया है।
गौरतलब है कि फिरदौस नगर मनीटोला निवासी खतीजा खातून की शिकायत पर 26 मई को डोरंडा थाना में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि उनके पति तनवीर अंसारी के साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के लिए उन्हें रिम्स में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या की धारा में परिवर्तित कर जांच शुरू की।
पुलिस जांच में सामने आया कि तनवीर अंसारी और मुख्य आरोपी जावेद अख्तर के परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के कारण दोनों पक्षों के बीच कई बार कहासुनी और झगड़े की घटनाएं हो चुकी थीं।
जांच के दौरान पता चला कि 26 मई की सुबह जावेद अख्तर और मोहम्मद इजाज अपने घर के पास मौजूद थे। इसी दौरान तनवीर अंसारी बाइक से वहां पहुंचे। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि जावेद अख्तर ने बाइक के लोहे के लेग गार्ड से तनवीर अंसारी के सिर पर पीछे से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण वह जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी उनके साथ मारपीट की गई। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जावेद अख्तर और मोहम्मद इजाज को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी दीपिका ने बताया कि शुरुआती जांच में दोनों परिवारों के बीच पुराना विवाद ही हत्या की मुख्य वजह बनकर सामने आया है। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

