NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : चर्चित डीडी बार हत्याकांड की जांच में जुटी जमशेदपुर पुलिस को एक और अहम सफलता मिली है। बिष्टुपुर थाना में दर्ज इस मामले की जांच कर रही विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) ने फरार चल रहे दो आरोपियों राघवेंद्र कुमार उर्फ रविंद्र उर्फ घेरे और गणेश मछुवा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। राघवेंद्र ने बिष्टुपुर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण किया, जबकि गणेश मछुवा को पुलिस ने छापेमारी कर गिरफ्तार किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर घटना के बाद भागने और छिपने के लिए इस्तेमाल की गई टीवीएस एक्टिवा स्कूटी (JH05EH6474) भी बरामद कर ली है। जांच एजेंसियां अब इस वाहन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ रही हैं।
गौरतलब है कि 27 जून की रात करीब 11:30 बजे बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हिमांशु सिंह पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की बाद में मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी, जिसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों, मानवीय सूचना और अन्य उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया। अब तक इस मामले में प्राथमिकी और अप्राथमिकी अभियुक्तों समेत कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
जांच में यह भी सामने आया है कि गणेश मछुवा ने मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा, राहुल दुबे और राघवेंद्र उर्फ घेरे को घटना के बाद छिपाने और फरार कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। पुलिस के अनुसार गणेश मछुवा का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह अवैध शराब के कारोबार से जुड़े मामलों में दो बार जेल भी जा चुका है।
पूरे अभियान में सहायक पुलिस अधीक्षक ऋषभ त्रिवेदी, डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार, विभिन्न अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बिष्टुपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार, तकनीकी शाखा और विशेष छापेमारी टीम की सक्रिय भूमिका रही।

