News Lahar Reporter
जमशेदपुर। शहर के प्रमुख जुबली पार्क में मंगलवार की सुबह बाइक चोरी की घटना सामने आई। बताया जाता है कि एक व्यक्ति रोजाना की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक करने के लिए जुबली पार्क पहुंचा था। उसने अपनी बाइक पार्क के बाहर खड़ी की और मॉर्निंग वॉक के लिए अंदर चला गया।
कुछ समय बाद जब वह वापस अपनी बाइक के पास पहुंचा तो वहां बाइक गायब थी। आसपास काफी खोजबीन करने के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
मॉर्निंग वॉक के दौरान बाइक चोरी होने की घटना से पार्क में आने-जाने वाले लोगों में भी चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि सुबह के समय जुबली पार्क और आसपास के इलाकों में काफी भीड़ रहती है, इसके बावजूद बाइक चोरी की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
पीड़ित ने पुलिस से बाइक की तलाश करने और चोर के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

