News Lahar Reporter
जमशेदपुर : शहर में बढ़ते अपराध, चोरी, लूट और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जमशेदपुर महानगर के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने किया, जबकि सांसद विद्युत वरण महतो भी इस दौरान मौजूद रहे।
ज्ञापन में शहर में लगातार हो रही हत्या, चोरी, लूट और छिनतई जैसी घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की गई। सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि हाल के दिनों में अपराध की घटनाओं में बढ़ोतरी से आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। उन्होंने मानगो के डिमना रोड स्थित एक ही रात में नौ दुकानों में हुई चोरी का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी, कड़ी कानूनी कार्रवाई और संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने 3 जुलाई को आयोजित शांतिपूर्ण जमशेदपुर बंद के दौरान टेल्को थाना में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दर्ज प्राथमिकी का भी मुद्दा उठाया। भाजपा नेताओं का कहना था कि जनहित के मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं पर गंभीर धाराएं लगाना उचित नहीं है। उन्होंने मामलों की निष्पक्ष समीक्षा कर निराधार धाराओं को हटाने और निर्दोष कार्यकर्ताओं को राहत देने की मांग की।
इसके अलावा गोलमुरी थाना में दर्ज उस मामले पर भी आपत्ति जताई गई, जिसमें कन्हैया यादव हत्याकांड के बाद सड़क जाम समाप्त कराने पहुंचीं जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू के साथ मौजूद भाजपा गोलमुरी मंडल अध्यक्ष बैजनाथ उपाध्याय (पप्पू उपाध्याय) और भाजपा कार्यकर्ता हरेराम यादव को भी आरोपी बनाया गया है। प्रतिनिधिमंडल ने इस कार्रवाई को निराधार बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं की गंभीरता से समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी मामलों की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विधिसम्मत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजीव सिंह, बबुआ सिंह, अमरजीत सिंह राजा, जिला महामंत्री राजीव सिंह, जिला मंत्री तन्मय झा सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

