NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित आस्था ट्विन सिटी में आज उस वक्त हंगामे की स्थिति बन गई जब सोसाइटी के निवासियों ने बिल्डर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। आरोप है कि बिल्डर द्वारा मेंटेनेंस के नाम पर पैसे तो लिए जा रहे हैं, लेकिन सुविधाओं का रखरखाव नहीं किया जा रहा। गुस्साए लोगों ने विरोध जताते हुए मुख्य गेट को जाम कर दिया और जमकर प्रदर्शन किया।
बिरसानगर थाना क्षेत्र के आस्था ट्विन सिटी में रहने वाले लोगों का कहना है कि वे पिछले काफी समय से बिल्डर की मनमानी का शिकार हो रहे हैं। निवासियों का आरोप है कि हर महीने मेंटेनेंस शुल्क नियमित रूप से लिया जाता है, लेकिन सोसाइटी में साफ-सफाई, सुरक्षा, पानी की व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति बेहद खराब है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कई बार बिल्डर और प्रबंधन से शिकायत की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला, कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। समस्याएं जस की तस बनी रहीं, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता गया।
वहां रहने वाले लोगों ने बताया
हम लोग समय पर मेंटेनेंस देते हैं, लेकिन यहां न सफाई होती है, न सुरक्षा है और न ही कोई सुविधा ठीक से मिल रही है। बार-बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही, इसलिए मजबूर होकर हमें सड़क पर उतरना पड़ा।”
इसी नाराजगी के चलते आज सुबह बड़ी संख्या में सोसाइटी के लोग एकजुट हुए और मुख्य गेट को पूरी तरह जाम कर दिया। गेट जाम होने से अंदर-बाहर आने-जाने वाले लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बिल्डर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द से जल्द समस्याओं के समाधान की मांग की।
वहां रहने वाली महिलाओं ने कहा
हम यहां सुरक्षित और बेहतर जीवन के लिए आए थे, लेकिन यहां हालात बहुत खराब हैं। जब तक हमारी समस्याओं का समाधान नहीं होगा, हमारा विरोध जारी रहेगा।”
सूचना मिलने के बाद मौके पर स्थानीय पुलिस भी पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की और बिल्डर प्रबंधन से बातचीत कर समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया।

