News Lahar Reporter
जमशेदपुर : बिस्टुपुर स्थित डीडी बार में हुए चर्चित कातिलाना हमले के मामले में फरार चल रहे डीडी बार के संचालक और भाजपा नेता नीरज सिंह को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें खाटू श्याम मंदिर के पास से दबोचा। घटना के बाद से वह जमशेदपुर छोड़कर फरार थे और पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने सर्विलांस और मोबाइल ट्रैकिंग की मदद से नीरज सिंह की लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद कार्रवाई करते हुए राजस्थान में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। अब उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर लाने की प्रक्रिया की जा रही है।
गौरतलब है कि बिस्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर पुलिस की मौजूदगी में चापड़ से हिमांशु सिंह और प्रत्यूष आनंद पर हमला किया गया था। इस हमले में हिमांशु सिंह की मौत हो गई थी, जबकि प्रत्यूष आनंद गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी थी और मामला राजनीतिक रूप से भी काफी चर्चा में रहा।
इस मामले में पुलिस ने कुल 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। इनमें नीरज सिंह और डीडी बार के मैनेजर का नाम भी शामिल है। घटना के बाद से नीरज सिंह फरार थे और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। आखिरकार तकनीकी निगरानी और सर्विलांस की मदद से पुलिस को उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता मिल गई।

