NEWS LAHAR REPROTER
जमशेदपुर/धनबाद। जमशेदपुर के चर्चित युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिलने की खबर सामने आ रही है। हत्याकांड में फरार चल रहे एक शूटर से धनबाद में पुलिस की मुठभेड़ होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान शूटर को गोलियां लगी हैं।
निखार सबलोक की हत्या के बाद से ही पुलिस फरार शूटरों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। हालिया जांच में निखार हत्याकांड के तार धनबाद के चर्चित नीरज सिंह हत्याकांड से जुड़े शूटर सागर सिंह उर्फ शिबू से भी जुड़ने की बात सामने आई थी। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी।
24 अगस्त को हुई थी निखार की हत्या
युवा कारोबारी निखार सबलोक की 24 अगस्त 2026 को चांडिल थाना क्षेत्र के टेंथ माइल स्टोन होटल के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि हत्या से पहले उनकी रेकी की गई थी और शूटरों तक उनकी तस्वीर तथा लोकेशन पहुंचाई गई थी।
कई राज्यों में पुलिस ने की थी छापेमारी
हत्याकांड की जांच के दौरान जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां पुलिस की टीमों ने झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भी कार्रवाई की। मामले में कई आरोपियों और शूटरों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि कुछ फरार आरोपियों की तलाश जारी थी।
अब धनबाद में मुठभेड़ से मचा हड़कंप
इसी बीच फरार शूटर के धनबाद में पुलिस के साथ मुठभेड़ में घिरने और गोली लगने की सूचना से पूरे मामले में नया मोड़ आ गया है। यदि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि होती है, तो निखार हत्याकांड की जांच में यह बड़ी कार्रवाई मानी जाएगी।

