NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर। रक्तदान को मानव सेवा के साथ आध्यात्मिक चेतना से जोड़ने की अनूठी पहल के तहत 25 अगस्त को यूनिवर्सल पीस पैलेस, मरीन ड्राइव, सोनारी में विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। ब्रह्माकुमारीज संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की पावन स्मृति को समर्पित यह आयोजन विश्व बंधुत्व दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “Spiritual Empowerment through Blood Donation” यानी ‘रक्तदान से आध्यात्मिक सशक्तिकरण’ रखी गई है। आयोजन का उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि रक्तदान केवल किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने वाली सेवा ही नहीं, बल्कि आत्मिक शांति, सकारात्मक सोच और मानवीय संवेदना से जुड़ने का माध्यम भी बन सकता है।
पहले आध्यात्मिक अनुभूति, फिर रक्तदान
शिविर में रक्तदान करने वाले प्रतिभागियों को पहले आध्यात्मिक ज्ञान और ध्यान का अनुभव कराया जाएगा। इसके बाद उन्हें रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य रक्तदाताओं को सेवा के साथ शांति और आत्मिक शक्ति का अनुभव कराना है।
रक्तदाताओं के उत्साहवर्धन के लिए आकर्षक उपहार के साथ ब्रह्मा भोजन की भी व्यवस्था की गई है।
पिछले वर्ष 88 हजार से अधिक यूनिट रक्त संग्रह का दावा
आयोजकों के अनुसार पिछले वर्ष दादी प्रकाशमणि जी की स्मृति में भारत के विभिन्न शहरों के साथ नेपाल में भी रक्तदान अभियान चलाया गया था। इस दौरान करीब 88,378 यूनिट रक्त संग्रहित किए जाने की जानकारी दी गई, जिसे OMG Books of Records में दर्ज किए जाने का दावा किया गया है। इस वर्ष अभियान को और व्यापक बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

नशामुक्ति अभियान से भी जुड़ा जनजागरण
रक्तदान कार्यक्रम को जमशेदपुर में चल रहे नशामुक्ति भारत अभियान से भी जोड़ा गया है। 8 अगस्त से नशामुक्ति जागरूकता बस शहर के बारीडीह, आदित्यपुर, बिरसानगर, टेल्को, मानगो समेत विभिन्न इलाकों में पहुंचकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दे रही है।
आयोजकों के अनुसार अब तक 200 से अधिक स्कूल-कॉलेज, 50 से ज्यादा पार्क, करीब 35 मंदिर, 50 से अधिक कोचिंग सेंटर, सैकड़ों अपार्टमेंट तथा कई रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, प्रमुख चौक और पुलिस स्टेशन इस जनजागरण अभियान से जुड़ चुके हैं। वहीं जमशेदपुर क्षेत्र में 51,175 लोगों के नशामुक्ति का संकल्प लेने की जानकारी दी गई है।
27 अगस्त तक शहर में चलेगा अभियान
माउंट आबू, राजस्थान से जमशेदपुर पहुंची नशामुक्ति अभियान की बस 27 अगस्त तक शहर में जनसेवा और जनजागरण का संदेश फैलाएगी। इसके बाद यह यात्रा चांडिल की ओर रवाना होगी। बस पर प्रदर्शित कुंभकर्ण का संदेश भी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
25 अगस्त का रक्तदान शिविर सेवा, आध्यात्मिकता और जनजागरण को एक साथ जोड़ने वाली पहल के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
