Jamshedpur :
भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) की स्वच्छ मुद्रा नीत के तहत मंगलवार 31 दिसंबर 2025 को बैंक ऑफ इंडिया, जमशेदपुर शाखा परिसर में सिक्का वितरण एवं कटे-फटे नोट विनिमय मेला आयोजित किया गया। इस मेले में आम नागरिकों को सिक्कों का वितरण किया गया, वहीं क्षतिग्रस्त और कटे-फटे नोटों का नियमानुसार विनिमय भी किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन भारतीय रिज़र्व बैंक, रांची के क्षेत्रीय निदेशक श्री प्रेम रंजन प्रसाद सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से विकसित राष्ट्र की ओर बढ़ रहा है, ऐसे में यह आवश्यक है कि चलन में स्वच्छ, सुरक्षित और अच्छी गुणवत्ता वाले नोट उपलब्ध हों। RBI इसी उद्देश्य से स्वच्छ मुद्रा नीति को प्रभावी रूप से लागू कर रहा है।
उन्होंने नागरिकों को नोटों व सिक्कों के सही उपयोग, उचित रख-रखाव और स्वच्छ मुद्रा के महत्व के प्रति जागरूक किया। मेले में बड़ी संख्या में ग्राहकों और आम लोगों ने भाग लिया और सिक्कों के साथ कटे-फटे नोटों का विनिमय कर शिविर का लाभ उठाया।
यह मेला स्वच्छ मुद्रा नीति के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य खराब, गंदे और क्षतिग्रस्त नोटों को चलन से बाहर कर उनकी जगह नए नोट उपलब्ध कराना है। इससे न केवल जालसाजी पर रोक लगती है, बल्कि मुद्रा की उपयोग अवधि भी बढ़ती है।
कार्यक्रम में बैंक ऑफ इंडिया, जमशेदपुर के आंचलिक प्रबंधक पंकज मिश्रा, उप आंचलिक प्रबंधक अजित कान्त एवं भूपेंद्र नारायण, जमशेदपुर मुख्य शाखा के मुख्य प्रबंधक रवि कान्त चौधरी, अग्रणी जिला प्रबंधक श्री संजीव कुमार चौधरी (पूर्वी सिंहभूम) तथा करेंसी चेस्ट अधिकारी श्यामपद दास सहित कई वरिष्ठ बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

