NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरियाबेड़ा के धर्माबांधा में मंगलवार देर रात घरेलू विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। कथित तौर पर पति द्वारा किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान 40 वर्षीय गीता मंडल के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति बापी मंडल है। जानकारी के अनुसार मंगलवार रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर बापी मंडल ने कथित तौर पर खलबट्टे से गीता मंडल के सिर पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी बापी मंडल डिमना रोड इलाके में एक होटल का संचालन करता है। बताया जाता है कि बापी और गीता दोनों की यह दूसरी शादी थी। बापी के दो बच्चे हैं, जबकि गीता भी अपने पहले पति से अलग रह रही थी।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ महीनों से गीता की बारीडीह निवासी एक युवक से फोन पर बातचीत को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी मुद्दे पर पहले भी कई बार झगड़ा हो चुका था और मामला थाना तक पहुंचा था, जहां दोनों के बीच समझौता कराया गया था।
मंगलवार रात एक बार फिर इसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि आवेश में आकर बापी मंडल ने खलबट्टे से पत्नी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
जमशेदपुर के धर्माबांधा में घरेलू विवाद के दौरान होटल संचालक ने पत्नी की हत्या की, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

