NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: जमशेदपुर सांसद विद्युत बरण महतो के लगातार प्रयासों और क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को बड़ी सफलता मिली है। रेल मंत्रालय एवं रेलवे बोर्ड ने घाटशिला रेलवे स्टेशन पर गीतांजलि एक्सप्रेस और आजाद हिंद एक्सप्रेस के ठहराव को मंजूरी दे दी है।
रेलवे बोर्ड के निर्णय के अनुसार 12859/12860 मुंबई सीएसएमटी–हावड़ा गीतांजलि एक्सप्रेस तथा 12129/12130 पुणे–हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस अब घाटशिला स्टेशन पर ठहरेंगी। इससे घाटशिला समेत पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर रेल सुविधा मिलने की उम्मीद है।
गीतांजलि एक्सप्रेस के ठहराव से घाटशिला का मुंबई और हावड़ा जैसे प्रमुख शहरों से रेल संपर्क मजबूत होगा। वहीं, आजाद हिंद एक्सप्रेस के ठहराव से पुणे, हावड़ा और मार्ग में आने वाले अन्य प्रमुख शहरों तक आवागमन आसान होगा।
लंबे समय से उठ रही थी मांग
घाटशिला स्टेशन पर इन ट्रेनों के ठहराव की मांग स्थानीय यात्रियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। सांसद विद्युत बरण महतो ने इस मांग को रेल मंत्रालय एवं रेलवे बोर्ड के समक्ष लगातार उठाया और आवश्यक पत्राचार के साथ ठहराव की मांग को लेकर लगातार पहल की।
रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। लोगों ने सांसद के प्रति आभार जताते हुए कहा कि दोनों महत्वपूर्ण ट्रेनों का घाटशिला में ठहराव क्षेत्र की रेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इससे व्यापार, शिक्षा, रोजगार और चिकित्सा संबंधी कार्यों के लिए यात्रा करने वाले लोगों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
सांसद विद्युत बरण महतो ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं और मांगों को संबंधित मंचों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। दोनों ट्रेनों के ठहराव से घाटशिला और आसपास के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी तथा लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है।

