जमशेदपुर: टाटानगर केंद्रीय कृत कर्षण मरम्मत कारखाना (सीटीआरसी) के कर्मचारियों ने होली के अवसर पर व्हिल शॉप विभाग के समक्ष भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में रंग, उमंग और आपसी सौहार्द का सुंदर संगम देखने को मिला।
समारोह की शुरुआत सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने मुख्य अतिथि, सीटीआरसी के मंडल विद्युत अभियंता प्रेम चन्द्र शर्मा को भगवा वस्त्र पहनाकर सम्मानित कर की। इसके बाद मुख्य अतिथि ने इंस्पेक्टर संतोष कुमार को बिरंगी टोपी पहनाकर अभिनंदन किया और कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ हुआ।
व्हिल शॉप के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता निलेश कुमार ने प्रेम चन्द्र शर्मा को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। वहीं सहायक मंडल विद्युत अभियंता ए. के. नन्दी को वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (सामान्य) द्वारा टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रेम चन्द्र शर्मा ने उपस्थित सभी वरिष्ठ अनुभाग अभियंताओं को रंग-बिरंगी टोपी पहनाकर सम्मानित किया।
मंच संचालन करते हुए सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने कहा कि इस वर्ष की होली विशेष उल्लास लेकर आई है। उन्होंने बताया कि कारखाने में उत्पादन में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है, कई अधिकारियों को पदोन्नति मिली है और कर्मचारियों ने भारत सरकार के गृह मंत्रालय पदक, अतिविशिष्ट रेल सेवा सम्मान तथा राष्ट्रपति पदक प्राप्त कर सीटीआरसी का नाम गौरवान्वित किया है।
इस अवसर पर इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने अपनी स्वरचित व्यंग्य रचना “व्हिल शॉप में का… बा” प्रस्तुत कर कर्मचारियों का भरपूर मनोरंजन किया।
मुख्य अतिथि प्रेम चन्द्र शर्मा ने कर्मचारियों द्वारा प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ होली मिलन आयोजन की सराहना की। उन्होंने सभी कर्मचारियों को अबीर लगाकर शुभकामनाएं दीं। धन्यवाद ज्ञापन सहायक मंडल विद्युत अभियंता ए. के. नन्दी ने किया।
कार्यक्रम में मंडल विद्युत अभियंता प्रेम चन्द्र शर्मा, सहायक मंडल अभियंता ए. के. नन्दी, सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता निलेश कुमार, जगजीत कुमार, राजीव नयन, इन्द्र कुमार, मुकेश कुमार, आर. के. सिंह सहित अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को अबीर लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। आयोजन के अंत में लड्डू और कोल्ड ड्रिंक की व्यवस्था की गई थी।

