News Lahar Reporter
जमशेदपुर: झारखंड में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों के समय में बड़ा बदलाव किया है। अब केजी से लेकर कक्षा 8 तक की कक्षाएं सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक संचालित की जाएंगी। वहीं कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के लिए स्कूल का समय सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तय किया गया है।
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से सोमवार को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया गया। विभाग के संयुक्त सचिव मोइनुद्दीन खान द्वारा जारी इस आदेश को राज्य के सभी जिलों में भेज दिया गया है।
आदेश के अनुसार, सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मचारी सुबह 7:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। इस दौरान वे गैर-शैक्षणिक कार्यों का भी निष्पादन करेंगे।
यह नया समय 21 अप्रैल (मंगलवार) से तत्काल प्रभाव से लागू हो जाएगा। इसके तहत सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक एवं निजी सभी स्कूलों को निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।
गौरतलब है कि राज्यभर में पड़ रही तेज गर्मी के कारण अभिभावक संघों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए स्कूलों का समय बदलने की मांग की थी। जमशेदपुर समेत कई जिलों में निजी स्कूल पहले ही अपने स्तर पर समय में बदलाव कर चुके थे।

