NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत और इजराइल के रिश्तों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में इजराइल को आलोचना और विरोध का सामना करना पड़ता है, लेकिन भारत में इजराइल के प्रति जबरदस्त समर्थन और प्यार देखने को मिलता है।
वेस्ट बैंक में गुरुवार को आयोजित एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए नेतन्याहू ने कहा कि भारत, इजराइल की वैश्विक रणनीति में बेहद अहम स्थान रखता है। उन्होंने भारत और इजराइल के संबंधों को अनोखा बताते हुए कहा कि भारतीय लोगों में इजराइल के प्रति खास लगाव है।
नेतन्याहू ने कहा कि दुनिया के कई देशों में इजराइल को वैधता खत्म करने की कोशिशों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन भारत में स्थिति बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा, “भारत में इजराइल के लिए बेहद जबरदस्त प्यार है। मुझे लगता है कि सोशल मीडिया पर मेरे सबसे ज्यादा फॉलोअर्स भारत में ही हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि भारत और इजराइल के बीच लगातार मजबूत होते संबंध दोनों देशों के लिए फायदेमंद साबित हो रहे हैं। रक्षा, तकनीक, कृषि और व्यापार जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों की साझेदारी लगातार बढ़ रही है।
भारत और इजराइल के रिश्तों को लेकर नेतन्याहू का यह बयान ऐसे समय आया है, जब वैश्विक मंच पर मध्य पूर्व को लेकर लगातार चर्चा हो रही है।

