जमशेदपुर: जिले में शीतलहर और लगातार बढ़ती ठंड को देखते हुए प्रशासन ने शनिवार को छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम जिले में संचालित कक्षा 12 तक के सभी सरकारी, निजी और अल्पसंख्यक विद्यालयों में 28 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 तक अवकाश घोषित किया गया है।
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि यह निर्णय पूरी तरह एहतियातन और जनहित में लिया गया है, ताकि शीतलहर के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर किसी भी तरह का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। आदेश के तहत जिले के सभी स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वे इस आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करें।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जा सकते हैं। वहीं, अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतें और बिना जरूरत घर से बाहर न भेजें।

