जमशेदपुर :चंडीगढ़ के उभरते हुए स्टार गोल्फर युवराज संधू ने टाटा ओपन गोल्फ चैंपियनशिप 2025 का खिताब जीतकर भारतीय गोल्फ इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया। जमशेदपुर में आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में युवराज ने एक शॉट से रोमांचक जीत दर्ज करते हुए 2025 सीजन का अपना रिकॉर्ड सातवां खिताब अपने नाम किया।
पीजीटीआई (PGTI) के सीजन फिनाले के रूप में खेले गए इस टूर्नामेंट की कुल इनामी राशि ₹2 करोड़ थी। बेलडीह और गोलमुरी गोल्फ कोर्स में आयोजित प्रतियोगिता में 28 वर्षीय युवराज संधू ने 67-64-68-65 के शानदार कार्ड के साथ कुल 20-अंडर 264 का स्कोर बनाया। अंतिम होल पर लगाए गए निर्णायक बर्डी पुट ने उनकी ऐतिहासिक जीत पर मुहर लगाई। खिताब के साथ युवराज को ₹30 लाख की पुरस्कार राशि मिली।
इससे पहले भी युवराज संधू पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट 2025 का खिताब जीत चुके हैं। पूरे सीजन में उन्होंने कुल ₹1,91,67,100 की रिकॉर्ड कमाई कर पीजीटीआई के एक सीजन में सर्वाधिक कमाई का नया कीर्तिमान स्थापित किया। इससे पूर्व यह रिकॉर्ड 2024 में वीर अहलावत के नाम था।
गुरुग्राम के शुभम जगलन ने भी शानदार खेल दिखाते हुए 19-अंडर 265 के स्कोर के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। पीजीटीआई में यह उनका तीसरा टूर्नामेंट था, जिसमें उन्होंने अपना दूसरा रनर-अप फिनिश दर्ज किया। शुभम को ₹20 लाख की पुरस्कार राशि दी गई।
वहीं, खालिन जोशी और वीर अहलावत संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। श्रीलंका के एन. थंगराजा, जो इस सीजन में तीन खिताब जीत चुके हैं, पीजीटीआई रैंकिंग में दूसरे स्थान पर रहे।
पुरस्कार वितरण समारोह में टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि टाटा स्टील हमेशा खेलों को प्रोत्साहन देती रही है और जमशेदपुर के बेलडीह व गोलमुरी गोल्फ कोर्स राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के लिए बेहतरीन मंच प्रदान करते हैं।
खिताब जीतने के बाद युवराज संधू ने कहा कि टाटा ओपन जीतना उनके लिए खास है क्योंकि यहां देश के कई दिग्गज गोल्फरों ने अपनी छाप छोड़ी है। उन्होंने बताया कि उनका अगला लक्ष्य DP World Tour 2026 में दमदार प्रदर्शन करना है।

